पटना के बिस्कोमान में 25 रुपये प्रति किलो प्याज बेचने का काउंटर खोला गया। खरीदारों की सुबह से भारी भीड़ जुटी हुई है। भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (एनसीसीएफ) 25 रुपये किलो प्याज बेच रही है।
राजधानी पटना के गांधी मैदान से सटे बिस्कोमान परिसर में सुबह से लेकर देर शाम तक सस्ते प्याज और दाल की बिक्री हो रही है। यहां 25 रुपये प्रति किलो प्याज और 60 रुपये प्रति किलो चना दाल बिक रही है। यहां पहुंचे खरीदारों को बिस्कोमान कर्मचारी सुबह से लेकर शाम तक कतारबद्ध करने में लगे हुए हैं। मंगलवार को सुबह साढ़े 10 बजे कतार इतनी लंबी हो गई कि खरीदारों को दो किलो प्याज खरीदने में डेढ़ से दो घंटे तक का समय लगा। दोपहर बाद खरीदारों की संख्या घटी। बावजूद इसके पुरुषों और महिलाओं की तीन कतारें प्याज और दाल खरीदने के लिए लगी रहीं। बिस्कोमान के चेयरमैन डॉ. सुनील कुमार सिंह ने कहा कि प्याज और दाल की बढ़ती कीमतों से आम जनता को राहत दिलाने के लिए प्याज और दाल का काउंटर लगाया गया है।
2019 में भी सस्ती दर पर बेचा था प्याज
बिस्कोमान के काउंटर से प्रतिदिन 28 टन प्याज की बिक्री की जा रही है। बिस्कोमान के उपभोक्ता प्राधिकारी शशिभूषण सिंह ने कहा कि काउंटर पर भारत दाल (चना दाल) का पर्याप्त स्टॉक है। लोगों की मांग और संख्या को देखते हुए इसे काउंटर पर लाया जा रहा है। वे बताते हैं कि बिस्कोमान की ओर से इसके पहले 2019 में भी सस्ती दर पर प्याज बेचने का काउंटर बिस्कोमान परिसर में लगाया गया था। उस वक्त प्याज की कीमत सौ रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी। उस समय बिस्कोमान ने पटनावासियों को 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज मुहैया कराया था।
प्याज की फसल बर्बाद होने का असर
थोक मंडियों में लगातार प्याज की आवक कम होने से इसकी किल्लत हुई है। रविवार को पटना की थोक मंडियों में प्याज की दो से तीन गाड़ियां ही पहुंच सकीं। सीजन में यहां 10 बड़ी गाड़ी से ज्यादा प्याज की आवक रहती है। बिहार प्याज एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि केवल पटना में प्रतिदिन 300 टन से ज्यादा प्याज की खपत है। बिहार में प्याज की आपूर्ति महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से होती है लेकिन बेमौसम बारिश के कारण इन इलाकों में प्याज की फसल बड़े इलाके में खराब हो गई थी।


“Thank you so much for sharing all this wonderful info with the how-to's!!!! It is so appreciated!!!”